चंद्रपुर (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। गोंडपिपरी तहसील के फुर्डीहेटी गांव में दोस्त की शादी में शामिल 25 वर्षीय युवक की डांस करते-करते अचानक मौत हो गई।
मृतक की पहचान अल्पेश दहागावकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में DJ की धुन पर सभी लोग जश्न मना रहे थे और अल्पेश भी पूरे उत्साह के साथ नाच रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा।
शुरुआत में लोगों को लगा कि वह मजाक कर रहा है या थककर बैठ गया है, लेकिन जब काफी देर तक उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और दोस्तों ने उसे तुरंत गोंडपिपरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत की संभावित वजह हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद जहां कुछ देर पहले तक शादी में DJ की धुन पर लोग झूम रहे थे, वहीं अब पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
वसई में रेलवे यार्ड के लिए मिट्टी भराव से बाढ़ का खतरा, नालों के बंद होने पर बढ़ी चिंता