मुंबई में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा (Comedian Kunal Kamara) के शो के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने 40 शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इन कार्यकर्ताओं ने शो के आयोजन स्थल हैबिटेट स्टूडियो और उससे जुड़े होटल में तोड़फोड़ की।

कुणाल कामरा ने अपने शो के दौरान एकनाथ शिंदे पर ‘गद्दार’ टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने कामरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

इस विवाद के बाद रविवार रात बड़ी संख्या में शिवसैनिक होटल यूनिकॉन्टिनेंटल के बाहर इकट्ठा हुए। आरोप है कि इन कार्यकर्ताओं ने जबरन स्टूडियो और होटल में घुसकर तोड़फोड़ की। खार पुलिस ने इस मामले में 19 नामजद शिवसेना पदाधिकारियों और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी होटल और स्टूडियो में घुसकर संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे थे और ‘शिवसेना जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और होटल स्टाफ के साथ हाथापाई की।

इस मामले पर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हास्के ने कामरा को चेतावनी दी कि “आपको भारत से भागने पर मजबूर होना पड़ेगा।” वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने इस तोड़फोड़ की निंदा करते हुए इसे “कायरतापूर्ण हरकत” बताया।

मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे भी गिरफ्तारी हो सकती है। यह विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है, जहां एक ओर शिंदे गुट इसे “अपमानजनक टिप्पणी” बता रहा है, वहीं उद्धव ठाकरे गुट इसे “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला” करार दे रहा है।

Mumbai Goregaon Crime: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी शाहरुख फरार