ठाणे जिला सहकारी बैंक चुनाव के बीच विरार में राजनीतिक तनाव, पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया केस
विरार | 27 जून 2026 | Metro City Samachar
ठाणे जिला सहकारी मध्यवर्ती बैंक के चुनावी माहौल के बीच विरार पूर्व स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल कार्यालय में कथित तौर पर जबरन घुसकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विरार पुलिस स्टेशन में बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के नगरसेवक निषाद चोरगे, प्रशांत राऊत तथा उनके 6 से 7 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शुक्रवार 26 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे मनवेलपाड़ा रोड स्थित भाजपा के विरार पूर्व मंडल कार्यालय में यह घटना हुई। उस समय भाजपा विरार शहर अध्यक्ष मनीष वैद्य, सरचिटणीस सुनीलकुमार ठाकूर सहित अन्य पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद थे।
कार्यालय में जबरन प्रवेश का आरोप
शिकायत के अनुसार, बविआ के नगरसेवक और उनके समर्थक बिना अनुमति कार्यालय में घुस गए और आरोप लगाया कि ठाणे जिला सहकारी बैंक चुनाव के लिए मतदाताओं में पैसे बांटे जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि इसके बाद कार्यालय के टेबल, ड्रॉअर और अन्य सामान की तलाशी ली गई तथा कार्यालय में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
बैग से लिफाफा निकालने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि भाजपा सरचिटणीस सुनीलकुमार ठाकूर का बैग खोलकर उसमें रखे नकदी वाले लिफाफे को जबरन निकाल लिया गया। घटना के दौरान कार्यालय में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
सूचना मिलने पर विरार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच विरार पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक अनिल म्हस्के कर रहे हैं।
राजनीतिक माहौल गर्म
इस घटना के बाद विरार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, रिपोर्ट लिखे जाने तक इस मामले में बहुजन विकास आघाड़ी के संबंधित नगरसेवकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
नोट: इस रिपोर्ट में उल्लिखित आरोप पुलिस में दर्ज शिकायत पर आधारित हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
नालासोपारा में इमारत का स्लैब गिरा, बाल-बाल बचा परिवार