इस बार 16 हजार से अधिक प्रतियोगी लेंगे हिस्सा
मुंबई : पलघर जिले की एकमेव महानगरपालिका, वसई विरार महानगरपालिका (VVCMC) द्वारा आयोजित की जाने वाली मैराथन प्रतियोगिता (VVCMC Marathon 2022) का आगाज हो चुका है. यह दौड़ प्रतियोगिता आगामी 11 दिसंबर को आयोजित होने जा रही है। राष्ट्रीय स्तर की ख्यातिलब्ध इस मैराथन दौड़ में 16 हजार से अधिक धावक हिस्सा लेंगे।
इस वर्ष वसई विरार शहर मनपा ने पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की है। यह पुरस्कार राशि 18 लाख रुपए से बढ़ाकर कुल 54 लाख रुपए की गई है।जिससे प्रतियोगियों को प्रोत्साहन मिले। कॉमनवेल्थ खेल में रजत पदक विजेता अविनाश साबले इवेंट एंबेसडर बनाए गए हैं।
मंगलवार को वसई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वसई विरार महानगरपालिका के आयुक्त अनिल कुमार पवार (Anil Kumar Pawar) ने मैराथन की घोषणा की। इस मौके पर अतिरिक्त आयुक्त आशीष पाटिल (Ashish Ptil) , पूर्व एमसीए उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभापति पंकज ठाकुर, पूर्व युवा नगर सेवक हार्दिक राउत समेत मैराथन आयोजन में सहभागी संगठन से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार 10वीं वसई-विरार मनपा मैराथन (VVCMC Marathon 2022) वैश्विक महामारी कोरोना के चलते दो साल ब्रेक के बाद 11 दिसंबर 2022 को होने जा रही है। ”स्त्रीभ्रूण हत्या टाला, निसर्ग समतोल पाला” यानी कन्या भ्रूण हत्या से बचें, प्रकृति का संतुलन बनाए रखें की थीम पर होने वाली मैराथन के तहत फुल, हाफ और सेमी दौड़ सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। मैराथन कार्यक्रम में पुरुषों और महिलाओं के लिए 42 किमी की फुल मैराथन, पुरुषों और महिलाओं के लिए 21 किमी की हाफ मैराथन, पुरुषों और महिलाओं के लिए 11 किमी मैराथन व अन्य कार्यक्रम शामिल है।
42 किमी की पुरुष व महिलाओं की फुल मैराथन न्यू विवा कॉलेज विरार से शुरू होकर वसई पहुंचेगी और पुनः न्यू विवा कॉलेज आकर पूरी होगी। इसी प्रकार 21 किमी की पुरुष व महिलाओं की हाफ मैराथन वसई से शुरू होगी और न्यू विवा कॉलेज पहुंच कर पूरी होगी। इसके साथ ही 11 किमी तथा 5, 3 व 1.5 किमी की मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया है।
पूर्ण मैराथन विजेता को 3 लाख रुपए, हाफ मैराथन विजेता को 2-2 लाख रुपए, 11 किमी के विजेताओं के लिए आयु वर्ग के अनुसार 25, 20 व 15 हजार रुपए तथा अन्य विजेताओं के लिए आकर्षित पुरस्कार राशि रखी गई है। वसई विरार क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ने वाले 12-14 और 14-16 आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों के लिए जूनियर दौड़, जबकि पूरे पालघर जिले के (अंडर-18) लड़के और लड़कियों की दौड़ भी आयोजित की जाएगी।
इन सभी रेसों में इनामी राशि और तमाम सुविधाएं भी हैं, जबकि इन रेसों में एंट्री फ्री है। इस बार फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। इसमें भाग लेने वालों को आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। धावकों को प्रोत्साहित करने के लिए मनपा ने पंजीकरण शुल्क में वृद्धि नहीं की हैं। पूर्ण मैराथन, हाफ मैराथन और 11 किमी के लिए 750 रुपए और 5 किमी के लिए 700 रुपए राशि निर्धारित की गई है। मैराथन दौड़ में शामिल होने के लिए इवेंट की वेबसाइट www.vvmm.in पर 24 नवंबर 2022 तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
प्रतियोगिता (VVCMC Marathon 2022) के दिन सभी प्रतिभागियों की सुरक्षित दौड़ सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना के मामले में त्वरित चिकित्सा के लिए व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रतियोगिता मार्ग के साथ 14 मेडिकल स्टेशनों में से प्रत्येक में एंबुलेंस के साथ पूरी तरह से सुसज्जित कार्डियक एम्बुलेंस को तैनात किया जाएगा। चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होने पर अनुभवी डॉक्टर सेवा में तैनात रहेंगे।