मेट्रो सिटी समाचार | पुणे, 14 नवंबर 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को दो दिवसीय पुणे दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे उद्योग, सहकारिता, सामाजिक क्षेत्र और इतिहास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक चर्चाओं के बीच उनके इस दौरे को सियासी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 नवंबर: भारत फोर्ज का दौरा, सहकारिता से जुड़े कार्यक्रम
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह 15 नवंबर को दोपहर 1 बजे मुंढवा स्थित भारत फोर्ज का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे तलेगांव दाभाडे में NHECL की नई परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सहकारी निबंधक कार्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन और महाराष्ट्र में ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत भी प्रस्तावित है।
16 नवंबर: सामाजिक संस्थाओं का दौरा और प्रतिमा अनावरण
दौरे के दूसरे दिन 16 नवंबर को सुबह 10:30 बजे शाह भारतीय जैन संघटना और शांतीलाल मुथा फाउंडेशन के कार्यालय जाएंगे। सुबह 11:30 बजे पुणे जिला परिषद परिसर में दिवंगत अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने का कार्यक्रम है। इसके बाद दोपहर 12 बजे भारत इतिहास संशोधक मंडल में मराठा इतिहास डिजिटल आर्काइव का उद्घाटन करेंगे।
राजनीतिक मुलाकातों पर भी नजर
अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। महायुति के भीतर राजनीतिक गतिविधियों और गोकुल दूध संघ से जुड़े विवाद के बीच भाजपा, NCP और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से संभावित मुलाकातों पर भी राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।




