मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार | 3 मार्च 2026: मध्य पूर्व में ईरान-इज़रायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दुबई सहित यूएई में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को राहत दिलाने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विशेष पहल की है। राज्य सरकार के समन्वय से फुजैरा एयरपोर्ट से स्टार एअर की दो विशेष उड़ानों की व्यवस्था की गई है, जिनसे कुल 164 यात्री आज शाम मुंबई पहुंचेंगे।
दो विशेष उड़ानें आज रवाना
जानकारी के अनुसार, स्टार एअर की दो फ्लाइटें फुजैरा एयरपोर्ट से आज दोपहर उड़ान भरेंगी:
-
VTGSO – शाम 3:30 बजे टेकऑफ
-
VT GSH – शाम 4:30 बजे टेकऑफ
इन दोनों विमानों के जरिए कुल 164 यात्री शाम 5:30 से 7:00 बजे के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यात्रियों में पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिज़नेस स्टडीज़ के 84 छात्र भी शामिल हैं, जो दुबई घूमने गए थे और मौजूदा हालात के कारण वहीं फंस गए थे। इसके अलावा ठाणे, मुरबाड और अहिल्यानगर सहित अन्य क्षेत्रों के नागरिक भी इस सूची में शामिल हैं।
छात्रों ने जताया आभार
पुणे स्थित इंदिरा स्कूल ऑफ बिज़नेस स्टडीज़ के 84 छात्र दुबई से होटल छोड़कर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुके हैं। छात्रों ने दुबई सरकार और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का आभार व्यक्त किया है। संकट की घड़ी में त्वरित समन्वय और मदद के लिए उन्होंने धन्यवाद दिया।
“महाराष्ट्र सरकार आपके साथ”
दो दिन पहले उपमुख्यमंत्री शिंदे ने दुबई में फंसे नागरिकों से संवाद कर आश्वस्त किया था कि “आप सभी सुरक्षित हैं, चिंता न करें। महाराष्ट्र शासन और मैं स्वयं आपके साथ खड़ा हूं। आपको सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।” इसके बाद संबंधित एजेंसियों से निरंतर संपर्क रखकर वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
मध्य पूर्व के हालात के बीच यह कदम राज्य सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय का उदाहरण माना जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर आगे भी समुचित कदम उठाए जाएंगे।