Home ताजा खबरें Independence Day 2025: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फहराया तिरंगा, महाराष्ट्र की भूमिका को बताया राष्ट्रीय प्रगति का इंजन
ताजा खबरेंमुख्य समाचारमुंबई - Mumbai Newsराजनीति

Independence Day 2025: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फहराया तिरंगा, महाराष्ट्र की भूमिका को बताया राष्ट्रीय प्रगति का इंजन

Independence Day 2025: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वतंत्रता दिवस पर महाराष्ट्र को देश की प्रगति का प्रमुख स्तंभ बताया और राज्य में विकास, निवेश, शिक्षा व बुनियादी ढांचे की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुंबई,15अगस्त: स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार सुबह मुंबई स्थित मंत्रालय में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जांबाज़ सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने भाषण में उन्होंने भारतीय सेना की वीरता का उदाहरण देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख किया, जिसमें भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी और रणनीतिक ठिकानों पर निर्णायक कार्यवाही की। उन्होंने कहा, “हमारे वीर सैनिक देश की रक्षा के लिए जो बलिदान दे रहे हैं, वो हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।”

  • ‘आत्मनिर्भर भारत’ की ओर महाराष्ट्र की सशक्त भूमिका

मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के 11वें स्थान से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की सफलता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की यह प्रगति अब कोई नहीं रोक सकता और देश हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, चाहे वह आर्थिक विकास हो, विज्ञान, अंतरिक्ष या रक्षा। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए जनता से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने महाराष्ट्र की भूमिका पर विशेष ज़ोर देते हुए कहा कि राज्य देश में सबसे अधिक विदेशी निवेश (FDI) आकर्षित करता है, जो कुल निवेश का 40% है। इसके साथ ही महाराष्ट्र निर्माण, निर्यात, स्टार्टअप, और औद्योगिक विकास में अग्रणी बना हुआ है।

  • गडचिरोली से इस्पात हब तक: विकास की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में महाराष्ट्र के ग्रामीण और औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की नीतियों और प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों को पिछले पांच वर्षों से मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे कृषि में लागत कम हुई है और उत्पादन बढ़ा है। साथ ही, सरकार हरित और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से विकसित कर रही है। गडचिरोली, जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र था, अब सरकार की नीति और निवेश से अगले 10 वर्षों में इस्पात उत्पादन का एक बड़ा केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने यह भी बताया कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का समावेश किया जा रहा है, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग प्रमुख है, जिससे फसल उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके साथ ही, राज्य में हवाई अड्डों और बंदरगाहों के निर्माण व आधुनिकीकरण के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा, “महाराष्ट्र, भारत की विकास यात्रा का सबसे बड़ा सहभागी है और हम इस जिम्मेदारी को गर्व से निभा रहे हैं।”

Recent Posts

Related Articles

Share to...