मुंबई: अंधेरी रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही लोकल में दो यात्रियों के विवाद के दौरान फेंका गया धारदार हथियार एक अन्य यात्री के सीने में लग गया। घायल की पहचान बढ़ई का काम करने वाले सुरेश द्वारका शर्मा (53) के रूप में हुई है। उन्हें बांद्रा के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शिवाजी लक्ष्मण गायकवाड (25), निवासी निफाड, नाशिक को गिरफ्तार किया गया है।
काम के सिलसिले में बोरीवली गए थे सुरेश शर्मा
पुलिस के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग जिले के मूल निवासी सुरेश शर्मा पिछले दो वर्षों से मुंबई के सायन–धारावी इलाके में रहकर बढ़ई का काम करते हैं। 15 नवंबर 2026 को वे काम के सिलसिले में एक ग्राहक से मिलने बोरीवली पूर्व गए थे। वहां से लौटते समय सुबह करीब 11:58 बजे बोरीवली से चर्चगेट जाने वाली अप फास्ट लोकल में सवार हुए। वे बोरीवली छोर की ओर पहले जनरल डिब्बे में पूर्व दिशा के दरवाजे के पास खड़े थे।
प्लेटफॉर्म से डिब्बे में फेंका गया हथियार
सुरेश शर्मा के बयान के मुताबिक, उनके पीछे की सीट पर बैठे दो यात्रियों में कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। अंधेरी स्टेशन आने से पहले विवाद बढ़ गया और दोनों दरवाजे के पास आ गए। दोपहर करीब 12:12 बजे ट्रेन अंधेरी पहुंची तो एक यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर गया, जबकि दूसरा डिब्बे में ही रहा।
आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर उतरे युवक ने गाली-गलौज जारी रखी। ट्रेन आगे बढ़ने लगी तो उसने डिब्बे की ओर धारदार हथियार फेंक दिया। वह दूसरे यात्री की बजाय दरवाजे के पास खड़े सुरेश शर्मा के सीने के दाहिने हिस्से में जा लगा। घायल होने के बाद वे डिब्बे में गिर पड़े।
सहयात्रियों ने मदद की, भाभा अस्पताल पहुंचाया
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सहयात्रियों ने घायल सुरेश को संभाला और चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। बाद में ट्रेन बांद्रा रेलवे स्टेशन पहुंची तो आरपीएफ और एमएसएफ के जवान उन्हें स्टेशन मास्टर कार्यालय ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बांद्रा के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हत्या के प्रयास का मामला, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवाजी लक्ष्मण गायकवाड बिना टिकट यात्रा कर रहा था। घटनास्थल अंधेरी रेलवे पुलिस की सीमा में होने के कारण मामला वहां स्थानांतरित किया गया। पीड़ित के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नायगांव हादसे के बाद महिला डिब्बों के पास गश्त बढ़ाने की मांग




