अंधेरी MIDC में नाबालिग द्वारा टैंकर चलाकर खड़ी कार को टक्कर मारने के मामले की सीसीटीवी तस्मुबई: अंधेरी पूर्व के एमआईडीसी इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग द्वारा टैंकर चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने नाबालिग को टैंकर चलाने देने के आरोप में 20 वर्षीय युवक और टैंकर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महाकाली रोड पर खड़ी थी कार
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, होटल व्यवसाय से जुड़े शिकायतकर्ता ने अपनी गोल्डन रंग की फॉक्सवैगन टाइगुन कार अंधेरी पूर्व के महाकाली रोड स्थित मालवणी ढाबे के पास सड़क किनारे पार्क की थी। कार 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे से 25 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे के बीच वहां खड़ी थी। इसी दौरान टैंकर की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद टैंकर देने का आरोप
शिकायत में आरोप है कि दुर्गेश घनश्याम पाठक (20) ने 14 वर्षीय किशोर को टैंकर चलाने के लिए दिया। आरोप के मुताबिक, दुर्गेश को किशोर के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बाद किशोर ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से टैंकर चलाते हुए खड़ी कार को टक्कर मार दी।
युवक और टैंकर मालिक के खिलाफ मामला
प्राप्त शिकायत संबंधी जानकारी के अनुसार, पुलिस ने युवक और टैंकर मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 125 और 324(4), तथा मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 199A और 180 के तहत मामला दर्ज किया है।




