विरार : मांडवी पुलिस थाने (Mandavi Police Station) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन गुरुवार, 27 मार्च 2025 को सायं 5:00 बजे संपन्न हुआ। यह उद्घाटन मिरा-भाइंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत किया गया, जिसमें पुलिस आयुक्त मधुकर पांडेय (भा.पो.से.) ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और भवन का उद्घाटन किया।

​Mandavi Police Station

नए भवन के उद्घाटन से मांडवी पुलिस को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उद्घाटन समारोह के दौरान, पुलिस आयुक्त मधुकर पांडेय ने महाराष्ट्र पुलिस के आदर्श वाक्य ‘सद्रक्षणाय खलनिग्रहणाय’ का उल्लेख करते हुए कहा कि वसई-विरार और मिरा-भाइंदर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 19 पुलिस स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी दिनों में संतोष भुवन नामक पुलिस स्टेशन जनता की सेवा में समर्पित होगा।

Mandavi Police Station​

श्री पांडेय ने नागरिकों से कानून का पालन करने और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्टों के विनाश का संकल्प पुलिस द्वारा लिया जाता है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि यदि उन्हें किसी प्रकार की सामाजिक अव्यवस्था या परेशानी होती है, तो वे बेहिचक, बेझिझक पुलिस स्टेशन में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Mandavi Police Station​

अपने संबोधन में, पांडेय ने उल्लेख किया कि मांडवी पुलिस स्टेशन गुजरात और उत्तर भारत को जोड़ने वाला महाराष्ट्र का पहला पुलिस स्टेशन है, जो इसकी विशेष भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा में समर्पित रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे (भा.पो.से.) और पुलिस उप आयुक्त जयंत बजबले (म.पो.से.) प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सहायक पुलिस आयुक्त वसई बजरंग देसाई (म.पो.से.) और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे (म.पो.से.) ने कार्यक्रम की मेजबानी की। समारोह में स्थानीय पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Marathi language mandatory On Vehicles: अब गाड़ियों पर भी मराठी में लिखना अनिवार्य, गुढीपाड़वा से सख्ती के साथ लागू होगा नियम