मुंबई, 10 अगस्त 2025 — मुंबई के कुरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र के आदिवासी पाडा में आज दोपहर एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां मछली पकड़ने गए पिता और उसके मासूम बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान एकनाथ पाटील (50 वर्ष) और उनका पुत्र वैष्णव पाटील के रूप में हुई है, जो कांदिवली के क्रांति नगर के निवासी थे।
घटना के अनुसार, दोनों पिता-पुत्र तालाब की मछलियों तथा केकड़े पकड़ने के लिए गए थे। पिता एकनाथ पाटील तालाब के किनारे बैठकर दूसरे मछली पकड़ने की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनका बेटा तालाब में डूब रहा है। बेटे को बचाने के लिए पिता तालाब में कूदे, लेकिन तालाब की गहराई और दलदल के कारण दोनों बाहर नहीं निकल पाए।
कुरार पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बताया कि रामगढ़ का यह तालाब करीब 17 फीट गहरा है। डूबने की इस दुखद घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना में आकस्मिक मृत्यु का मामला (ADR) दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के लिए जल सुरक्षा के महत्व को दोहराती है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और निजी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आह्वान भी किया है।
Mumbai Crime: हत्या मामले में फरार बांग्लादेशी, मुंबई से पकड़ा गया, हत्या के चार मामलों में था वांटेड