मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार: राज्य में ई-चालान को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ट्रांसपोर्ट संगठनों से 5 मार्च से प्रस्तावित आंदोलन वापस लेने की अपील की है। मुंबई में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि अन्यायपूर्ण तरीके से लगाए गए ई-चालान के मुद्दे पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेने को तैयार है और आंदोलन के बजाय संवाद का रास्ता अपनाया जाए।
मंत्री सरनाईक ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों से शिकायतें मिली हैं कि पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। साथ ही, अधिकृत अधिकारी के बजाय अन्य कर्मचारियों द्वारा चालान काटे जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आगे से केवल अधिकृत अधिकारी ही ई-चालान की कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि 5 मार्च को परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर, पुलिस प्रशासन और ट्रांसपोर्ट संघों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में ट्रांसपोर्टरों की मांगों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
सरनाईक ने कहा कि पहले से लगाए गए कथित अन्यायपूर्ण ई-चालानों की समीक्षा कर उन्हें रद्द करने पर भी सरकार विचार कर रही है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट संगठनों से अपील है कि वे आंदोलन स्थगित कर संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान निकालें।
बैठक में राज्य के विभिन्न ट्रांसपोर्ट संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। ई-चालान को लेकर ट्रांसपोर्टरों की नाराजगी को देखते हुए यह बैठक अहम मानी जा रही है।