मीरा-भायंदर | मेट्रो सिटी समाचार: मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस आयुक्तालय के प्रस्तावित भवन के लिए ठाणे जिला प्रशासन ने मौजे मीरे की 4,159 वर्गमीटर जमीन के अधिग्रहण का अंतिम आदेश सार्वजनिक किया है। ठाणे के प्रभारी उपविभागीय अधिकारी अमोल कदम ने 15 अक्टूबर 2026 को आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। जिला प्रशासन ने 19 नवंबर को भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 2013 की धारा 37(3) के तहत इसकी सूचना प्रकाशित की।
जमीन का मुआवजा ₹27.45 करोड़, शुल्क समेत कुल ₹29.09 करोड़
अधिग्रहण के दायरे में आठ सर्वे नंबरों की जमीन है। जमीन का मूल मूल्यांकन ₹13,14,24,400 किया गया है। वैधानिक राहत और अतिरिक्त राशि जोड़कर ₹27,44,71,758 मुआवजा तय किया गया। स्थापना और सुविधा शुल्क समेत भूमि अधिग्रहण की कुल राशि ₹29,09,40,064 है। इसमें भवन निर्माण का खर्च शामिल नहीं है। हस्ताक्षरित आदेश के पृष्ठ 18–19 देखें।
इसी जमीन को लेकर ठाणे जिला प्रशासन ने मार्च में धारा 21 के तहत नोटिस प्रकाशित किया था। उसमें भूमि मालिकों और हितधारकों से दावे तथा पैमाइश पर आपत्तियाँ मांगी गई थीं। नवंबर में सार्वजनिक किया गया आदेश उसी अधिग्रहण प्रक्रिया का अंतिम निर्णय है। मार्च का नोटिस देखें।
कब्जा लेने के बाद पुलिस को सौंपी जाएगी जमीन
आदेश के अनुसार, अधिनियम की धारा 38 के तहत जमीन का कब्जा लेकर उसे पुलिस आयुक्तालय को सौंपा जाएगा। आदेश में कब्जा सौंपे जाने या निर्माण शुरू होने की पुष्टि नहीं है। MBVV पुलिस की वेबसाइट पर आयुक्तालय का संपर्क पता अब भी गौरव गैलेक्सी, मीरा रोड पूर्व ही दर्ज है।
यह भी पढ़ें: MBVV में ट्रैफिक के लिए अलग DCP पद को मंजूरी




