मीरा-भायंदर: दिवाली के दौरान शहर में आग की घटनाओं ने अग्निशमन विभाग पर असाधारण दबाव डाला। महानगरपालिका क्षेत्र में शनिवार और रविवार की रात कुल 129 आग की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें रविवार की रात अकेले 107 और शनिवार की रात 22 घटनाएं सामने आईं।
शहर के छह फायर स्टेशन क्षेत्रों से कॉल प्राप्त हुईं। कनकिया फायर स्टेशन क्षेत्र में सबसे अधिक 30 और स्वर्गीय कल्पना चावला फायर स्टेशन क्षेत्र में 27 घटनाएं दर्ज होने की जानकारी है। अन्य स्टेशन क्षेत्रों में भी कचरे, खुले भूखंड, पार्किंग और इमारतों से आग की सूचनाएं आती रहीं।
फटाकों की चिंगारी बड़ा जोखिम
प्रारंभिक जानकारी में कई घटनाओं को पटाखों की चिंगारी और जलते अवशेष से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रत्येक आग का कारण अलग-अलग जांच से ही स्पष्ट होगा। असुरक्षित पटाखेबाजी, देर रात तक रॉकेट छोड़ना और ज्वलनशील कचरे के पास आतिशबाजी जोखिम बढ़ाने वाले प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
दमकल विभाग को अलग-अलग स्थानों पर एक साथ टीमें भेजनी पड़ीं। ऐसी स्थिति में बड़ी इमारत या औद्योगिक इकाई में गंभीर आग लगने पर उपलब्ध वाहनों और कर्मचारियों की तैनाती चुनौती बन सकती है।
जिले में हवाई पटाखों पर रोक
ठाणे जिला प्रशासन ने 9 नवंबर से रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों पर 8 जनवरी 2027 तक प्रतिबंध लगाया है। मीरा-भायंदर ठाणे जिले में आने के कारण यह आदेश शहर में भी लागू होगा।
नागरिकों से बालकनी, छत, पार्किंग और संकरी गलियों में रॉकेट नहीं छोड़ने तथा आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को देने की अपील की गई है। प्रशासन के लिए अब अनधिकृत पटाखा बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई बड़ी परीक्षा होगी।
इस विषय से जुड़े संदर्भ में मेट्रो सिटी समाचार की उत्तन कचरा प्रकल्प में लगी आग रिपोर्ट भी पढ़ी जा सकती है।




