नायगांव। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के नायगांव में सोसाइटियों के सामने कचरे के ढेर जमा होने से स्थानीय नागरिक परेशान हैं। निवासियों का कहना है कि दिवाली की पूर्व संध्या तक पिछले तीन दिनों से कचरा नहीं उठाया गया। इससे दिनभर दुर्गंध फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

शिकायत के बाद भी नहीं उठा कचरा

मेट्रो सिटी समाचार से बातचीत में स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन तीसरे दिन भी कचरा उसी जगह पड़ा रहा। उनके अनुसार, सफाई विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची और कचरा हटाने की कार्रवाई नहीं हुई।

नियमित सफाई की मांग

निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में कचरा नियमित रूप से नहीं उठाया जाता और संबंधित ठेकेदार समस्या को गंभीरता से नहीं लेता। उनका कहना है कि अधिकारियों को फोन करने और बार-बार शिकायत करने के बाद ही कर्मचारी कचरा उठाने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार कचरा दो से तीन दिनों तक पड़ा रहता है और उठाव तय व्यवस्था के बजाय कर्मचारियों की सुविधा के अनुसार होता है।

नागरिकों का कहना है कि कर चुकाने के बावजूद उन्हें नियमित सफाई जैसी बुनियादी सुविधा के लिए शिकायत करनी पड़ रही है। उन्होंने क्षेत्र में रोजाना कचरा उठाने की मांग की है, ताकि गंदगी और दुर्गंध की समस्या से बार-बार न जूझना पड़े।