मुंबई: विलेपार्ले के साठ्ये कॉलेज में 21 साल की छात्रा संध्या पाठक की तीसरी मंज़िल से गिरकर मौत हो गई। ये घटना (Sandhya Pathak case) गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे हुई, जब संध्या कॉलेज पहुंची थी। कुछ ही देर में वह कॉलेज की तीसरी मंज़िल से नीचे गिर पड़ी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह हादसा आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, लेकिन परिवार का दावा है कि संध्या खुदकुशी कर ही नहीं सकती।
संध्या नालासोपारा के आचोळे रोड इलाके में रहती थी और साठ्ये कॉलेज की बीएससी स्टैटिस्टिक्स की छात्रा थी। वह पढ़ाई में होशियार और लेखन में बेहद रुचि रखने वाली युवती थी। संध्या का हाल ही में एक इंग्लिश उपन्यास – “The World’s Best Ex-Friend” अमेज़न पर पब्लिश हुआ था। उसकी इस उपलब्धि पर परिवार बेहद खुश था और भविष्य में उसे लेखिका के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद थी।
मौत को आत्महत्या मानने से इनकार ..
परिवार वालों ने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। संध्या के मामा और मौसी ने साफ कहा कि अगर उसे खुदकुशी करनी होती तो वह घर में या ट्रेन के आगे कूदती, कॉलेज जाकर ऐसा क्यों करती? उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि अगर सीसीटीवी फुटेज में संध्या ऊपर जाती दिख रही है, तो फिर गिरते वक्त की फुटेज क्यों नहीं है? परिजनों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई, क्योंकि इतनी बड़ी घटना के बावजूद कॉलेज दोपहर में फिर से शुरू हो गया।
गुरुवार रात को संध्या का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंपा गया और नालासोपारा के आचोळे स्मशानभूमि में अंतिम संस्कार हुआ। आसपास के लोग, रिश्तेदार और दोस्त बड़ी संख्या में मौजूद थे। पूरे इलाके में शोक की लहर थी। हर कोई यही सवाल कर रहा था कि आखिर एक हंसती-खेलती, प्रतिभाशाली लड़की की जान ऐसे कैसे जा सकती है?
कॉलेज प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि वे पुलिस को पूरा सहयोग दे रहे हैं और घटना की सच्चाई सामने लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
अब सवाल ये है कि क्या यह वास्तव में आत्महत्या थी या किसी साजिश का हिस्सा? जवाब तो जांच के बाद मिलेगा, लेकिन एक होनहार छात्रा की रहस्यमयी मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
Vasai Cylinder Blast: घर में सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी, एक घायल – पांच लोग सुरक्षित




