विरार, 11 सितंबर 2026: पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार भागदौड़ और जोखिम के बीच काम करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नवगठित वसई-विरार महानगरपालिका पत्रकार संघटना (VVMPS) की ओर से सराहनीय पहल की गई है। संघ की ओर से अपने 40 सदस्यों को प्रत्येक 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शुक्रवार, 11 सितंबर को विरार पूर्व स्थित विवांता होटल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ संवाद किया गया और उन्हें कानून से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। संवाद और मार्गदर्शन के इस कार्यक्रम से पत्रकारों में नई ऊर्जा और नई दिशा का संचार हुआ तथा उनमें एक नए उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उपमहापौर मार्शल लोपीस की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता वसई-विरार महानगरपालिका के उपमहापौर मार्शल लोपीस ने की। इस अवसर पर विपक्ष के नेता मनोज पाटील, स्थायी समिति के सभापति प्रवीण शेट्टी और पूर्व महापौर नारायण मानकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे और वसई न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता दिगंबर देसाई प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पत्रकारों के लिए दुर्घटना बीमा कराने वाली पहली संस्था..
कार्यक्रम में उपमहापौर मार्शल लोपीस ने कहा कि वसई-विरार के साथ-साथ पूरे पालघर जिले में पत्रकारों के लिए सकारात्मक कदम उठाते हुए पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए दुर्घटना बीमा कराने वाली यह पहली संस्था है।
उन्होंने पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संघ की ओर से उठाए गए इस कदम की सराहना की।

पत्रकारों के लिए महानगरपालिका के माध्यम से सकारात्मक कदम का आश्वासन
स्थायी समिति के सभापति प्रवीण शेट्टी ने कहा कि पत्रकार संघ की स्थापना करना और उसे चलाना आसान काम नहीं है। इसके बावजूद इस संघ ने अपने पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी है। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह वास्तविकता सामने आई है कि संघ पत्रकारों के हित में काम कर रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि महानगरपालिका के माध्यम से पत्रकारों के लिए भी सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने पत्रकार संघ से प्रस्ताव देने को कहा।

पत्रकार समाज का तीसरा नेत्र—पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर
परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर ने कहा कि आज की बदलती पत्रकारिता के दौर में पत्रकारों और पुलिस के बीच समन्वय का रिश्ता होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का तीसरा नेत्र है और पत्रकारों की भूमिका समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय से समाज के हित में और प्रभावी तरीके से काम किया जा सकता है।

दुर्घटना के बाद समझ आता है बीमा का महत्व—DCP शशिकांत बोराटे
परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने दुर्घटना बीमा के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के साथ दुर्घटना होती है, वही दुर्घटना बीमा के महत्व को सही मायने में समझ पाता है।
उन्होंने बताया कि वह स्वयं एक दुर्घटना से बचने के बाद बीमा कराया था। लेकिन पत्रकार संघ ने भविष्य में आने वाले संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए पहले ही सकारात्मक कदम उठाया है।
पुलिस उपायुक्त बोराटे ने पत्रकारों से अपील की कि वे पत्रकारिता करते समय अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें और सावधानी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

सिर्फ पत्रकार नहीं, राजनीति और राजनीतिक मानसिकता भी बदली—मनोज पाटील
कार्यक्रम में विपक्ष के नेता मनोज पाटील ने कहा कि आज के दौर में अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि पत्रकार और पत्रकारिता बदल गई है। लेकिन एक पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जोखिम उठाकर काम करता है और इस दौरान उसे कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सिर्फ पत्रकार ही नहीं बदला है, बल्कि राजनीति और राजनीतिक मानसिकता में भी बदलाव आया है।

संस्थापक अध्यक्ष विजय गायकवाड ने संघ की भविष्य की दिशा बताई
इस अवसर पर संघ के संस्थापक अध्यक्ष विजय गायकवाड ने संघ की अब तक की यात्रा और भविष्य की दिशा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने संघ की स्थापना के उद्देश्य, पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों और भविष्य में पत्रकारों के लिए किए जाने वाले कार्यों की दिशा के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम की सफलता के लिए पदाधिकारियों और सदस्यों ने किए प्रयास
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संघ के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, मनीष म्हात्रे, सचिव मंगेश कराळे, सहसचिव मनोज तांबे, कोषाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, सह-कोषाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, मुख्य सलाहकार लक्ष्मणराव पाटोले, कार्यालय प्रमुख संदीप गायकवाड, सोशल मीडिया समन्वयक विशाल गुप्ता, महिला समन्वयक कीर्ति केसरकर, महिला संगठनकर्ता आदिती सिंह, सदस्य सोनल महाडीक, भावना राठोड, तनया मालंडकर, सदस्य महेश गोहिल और वरिष्ठ सदस्य सदानंद कुलकर्णी सहित संघ के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मेहनत की।
पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 40 पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की यह पहल पत्रकारों के हित और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026: रैंकिंग की चमक और सांसों की हकीकत