Home ताजा खबरें निमंत्रण पत्र विवाद के बीच महापौर ने किया लोकार्पण, भाजपा ने किया बहिष्कार
ताजा खबरेंवसई-विरार - Vasai-Virar News

निमंत्रण पत्र विवाद के बीच महापौर ने किया लोकार्पण, भाजपा ने किया बहिष्कार

वसई-विरार | संवाददाता: विरार पश्चिम के बोळींज क्षेत्र में बने प्रभाग समिति ‘ए’ के नए कार्यालय के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक हलचल देखने को मिली। निमंत्रण पत्र में जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल न होने के आरोपों के कारण यह कार्यक्रम विवादों में आ गया था। इसके बावजूद शुक्रवार शाम को महापौर के हाथों कार्यालय का उद्घाटन संपन्न हुआ।

बताया जाता है कि बोळींज इलाके में प्रभाग समिति ‘ए’ के लिए नया कार्यालय तैयार किया गया है, जिसका लोकार्पण 13 मार्च 2026 को प्रस्तावित था। कार्यक्रम के लिए छपी निमंत्रण पत्रिका को लेकर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि पत्रिका में स्थानीय विधायक और सांसद के नाम शामिल नहीं किए गए, जो राजशिष्टाचार के नियमों के खिलाफ है।

इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने वसई-विरार महानगरपालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और मुख्यालय में ठिय्या आंदोलन भी किया। विपक्ष के नेता मनोज पाटील सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

वहीं महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उक्त कार्यक्रम का आयोजन सीधे पालिका द्वारा नहीं किया गया और निमंत्रण पत्रिका भी प्रशासन की ओर से जारी नहीं की गई थी।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच आखिरकार शुक्रवार शाम को बोळींज स्थित प्रभाग समिति कार्यालय का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। भाजपा ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया, जबकि विवाद को देखते हुए कई प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

कार्यक्रम के दौरान महापौर अजीव पाटील और पूर्व विधायक क्षितीज ठाकूर ने नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपमहापौर मार्शल लोपीस, सभागृह नेता प्रफुल्ल साने और बहुजन विकास आघाडी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

उपमहापौर मार्शल लोपीस ने कार्यक्रम के बाद कहा कि यह भवन नागरिकों की सुविधा और सेवा के लिए बनाया गया है और ऐसे अवसरों पर सभी राजनीतिक दलों को साथ आना चाहिए। उन्होंने निमंत्रण पत्र विवाद को लेकर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले भी कई कार्यक्रमों में इस प्रकार की स्थिति बन चुकी है और इसे अनावश्यक रूप से विवाद का विषय नहीं बनाना चाहिए।

ठाणे कैडबरी जंक्शन पर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, 30 अप्रैल तक लागू रहेगा डायवर्जन

Recent Posts

Related Articles

Share to...