मुंबई, 22 सितंबर 2026: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर गणेशोत्सव के उपलक्ष्य में गणपति पालखी सोहळा आयोजित किया गया। ढोल-ताशा, लेझिम और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए यात्रियों को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। आयोजन में यात्रियों, आगंतुकों और एयरपोर्ट कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
एयरपोर्ट की ओर से जारी मीडिया नोट के मुताबिक, कार्यक्रम में कुल लगभग 230 कलाकारों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इनमें कल्याण स्थित अदाणी फाउंडेशन के एनआरसी स्कूल के करीब 150 विद्यार्थी शामिल थे, जिन्होंने लेझिम और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं, 60 स्थानीय कलाकारों ने ढोल-ताशा और लेझिम की प्रस्तुतियों से उत्सव का माहौल बनाया।
पालखी सोहळे में पारंपरिक वारकरी दिंडी भी शामिल रही, जिसने आयोजन को भक्ति का रंग दिया। इसके साथ ही दांडपट्टा कला का प्रदर्शन कर महाराष्ट्र की पारंपरिक युद्धकला की झलक पेश की गई।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फेटा बांधकर स्वागत किया गया। यात्रियों, आगंतुकों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और अन्य सहभागी लोगों के बीच मोदक का प्रसाद भी वितरित किया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश से आने-जाने वाले यात्रियों को महाराष्ट्र की उत्सवी संस्कृति और स्थानीय परंपराओं से परिचित कराना था। टर्मिनल 2 पर हुए इस आयोजन ने सफर के बीच यात्रियों को मुंबई के गणेशोत्सव का अनुभव लेने का अवसर दिया।