आगरा: आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को दोबारा वोट डाले जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने इन केंद्रों पर 23 अक्टूबर को हुए मतदान को रद्द कर दिया था। पुनर्मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
इन तीन केंद्रों पर होगा पुनर्मतदान
- मतदान केंद्र संख्या 20: तहसील परिसर खेरागढ़, कमरा नंबर 1।
- मतदान केंद्र संख्या 21: क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया, कमरा नंबर 1।
- मतदान केंद्र संख्या 26: क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद, कमरा नंबर 1।
आयोग ने जिम्मेदारी तय करने को कहा
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के बयान के मुताबिक, चुनाव आयोग ने गड़बड़ियों की जांच और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की कथित अनियमितताओं के कारण पुनर्मतदान की जरूरत पड़ी, उन्हें दोबारा मतदान की ड्यूटी नहीं दी जाएगी।
आयोग ने नए मतदान के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा है। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं की दाएं हाथ की तर्जनी पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। संबंधित मतदाता अपने निर्धारित केंद्र और मतदाता सूची की जानकारी की पुष्टि करके ही पहुंचें। यह पुनर्मतदान केवल बताए गए तीन केंद्रों पर होगा।
प्रदेश की अन्य खबरों के लिए देखें: उत्तर प्रदेश समाचार।




