मुंबई। घाटकोपर पुलिस ने घाटकोपर पश्चिम के जागृति नगर में सात बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, सातों करीब 10 महीने से बिना वैध वीजा या आधिकारिक अनुमति के भारत में रह रहे थे। उनका ठिकाना डोंबिवली के गरीबाचा वाडा इलाके में था।

जागृति नगर में सूचना पर पहुंची टीम

पुलिस के अनुसार, एक गुप्त सूचना पर एटीएस की टीम जागृति नगर पहुंची। पुलिस उपनिरीक्षक योगेश पाटील और उनकी टीम ने सातों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि उनके पास बांग्लादेश का जन्म प्रमाण पत्र, नेशनल आईडी और बांग्लादेशी मोबाइल नंबर मिले। इसके बाद टीम उन्हें घाटकोपर पुलिस स्टेशन ले गई।

पुलिस ने बताई सातों की पहचान

पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों के नाम मोहम्मद बदरुज्जमान नजरूल इस्लाम मंडल, सोहाग अब्दुल हन्नान राणा, मोनीर काजू फकीर, बिप्लोब मोहम्मद जहांगीर बाबुल होसेन, नईम मिझानूर रहमान शेख, साजिद मोहम्मद शाहजान हावलदार और रकीब मोहम्मद आबू नासेर होसेन बताए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सातों मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले हैं और अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए थे। उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।