मुंबई: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के माटुंगा स्थित किंग्स सर्कल का प्रसिद्ध GSB सेवा मंडल अपने 72वें गणेशोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है। इस साल मंडल ने भक्तों और अपनी कीमती संपत्तियों की सुरक्षा के लिए 703.27 करोड़ रुपये का ऑल-रिस्क इंश्योरेंस कवर लिया है।
GSB सेवा मंडल 14 से 18 सितंबर तक पांच दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन करेगा। मंडल मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित और समृद्ध गणेश मंडलों में गिना जाता है और अपनी वैदिक परंपराओं, भव्य आभूषणों और धार्मिक आयोजनों के लिए जाना जाता है।
703 करोड़ से ज्यादा का बीमा
इस साल मंडल ने बीमा कवर में बड़ी बढ़ोतरी की है। साल 2024 में करीब 400 करोड़ रुपये, जबकि 2025 में 474 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया गया था। इस वर्ष यह बढ़कर 703.27 करोड़ रुपये हो गया है।
बीमा कवर में मंडल के कीमती सोने-चांदी के आभूषण, पंडाल और परिसर के साथ-साथ श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, पुजारियों, सुरक्षाकर्मियों और रसोइयों की सुरक्षा भी शामिल है। किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में यह ऑल-रिस्क पॉलिसी सुरक्षा प्रदान करेगी।
66 किलो से ज्यादा सोना, 335 किलो से ज्यादा चांदी
GSB सेवा मंडल के प्रवक्ता अमित पाई के मुताबिक, गणपति बप्पा की मूर्ति को इस वर्ष भी बड़े पैमाने पर सोने और चांदी के आभूषणों से सजाया जाएगा। मूर्ति पर 66 किलोग्राम से अधिक सोना और 335 किलोग्राम से अधिक चांदी, साथ ही बहुमूल्य रत्नों से बने आभूषण होंगे।
मंडल के मुताबिक, ये आभूषण भक्तों और सेवादारों द्वारा श्रद्धापूर्वक दान किए गए हैं।
रोजाना 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद
मंडल की प्रमुख परंपराओं में अन्नदान भी शामिल है। पांच दिनों के उत्सव के दौरान रोजाना 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को केले के पत्तों पर महाप्रसाद कराया जाएगा। यानी पूरे गणेशोत्सव में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद मिलने की उम्मीद है।
परंपराओं के साथ मंडल की ओर से इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण और ईको-फ्रेंडली पहल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
FDA की कार्रवाई पर मंडल का जवाब
वहीं, खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA की संभावित कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस पर मंडल के प्रवक्ता अमित पाई ने कहा कि मंडल को किसी भी तरह की जांच या कार्रवाई से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि FDA की टीम आए और जांच करे, मंडल इसका स्वागत करता है।
आज रात 8 बजे पहली झलक
72वें गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। आज रात 8 बजे GSB सेवा मंडल के बप्पा की पहली झलक सामने आएगी। भव्य आभूषणों से सजे गणपति बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।