नवी मुंबई/मंत्रालय: नवी मुंबई के खारघर इलाके में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र सरकार के अर्थ एवं नियोजन विभाग के कक्ष अधिकारी विलास लाड को 6 लाख 37 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से मंत्रालय में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ग्रामविकास विभाग से जुड़े फंड को मंजूरी दिलाने के एवज में शिकायतकर्ता से मोटी रकम की मांग कर रहा था। आरोप है कि सरकारी काम में जानबूझकर अड़चन डालकर रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी विलास लाड ने 6.37 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह मंत्रालय से जुड़ा हालिया दूसरा बड़ा रिश्वत कांड बताया जा रहा है, जिससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इस बीच देवेंद्र फडणवीस द्वारा पहले ही मंत्रालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
मुंबई में फर्जी डॉक्टरों का भंडाफोड़: बिना डिग्री क्लीनिक चलाकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़