मेट्रो सिटी समाचार | मुंबई

मुंबई सेंट्रल की गिल्डर लेन स्थित हीरा मंज़िल इमारत में रविवार, 22 नवंबर की आधी रात के बाद आग लग गई। बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग दूसरी मंज़िल के कमरों तक सीमित थी। दमकलकर्मियों ने तीसरी मंज़िल से एक पुरुष और दो महिलाओं को टर्नटेबल लैडर की मदद से नीचे उतारा। पहली मंज़िल से एक बुजुर्ग महिला को इमारत की सीढ़ियों से बाहर निकाला गया।

रात 12:50 बजे लेवल-2 घोषित

दमकल को रात 12:07 बजे आग की सूचना मिली। भूतल और उसके ऊपर तीन मंज़िलों वाली यह इमारत रिलायंस सुपरमार्केट के पास, नवजीवन सोसायटी के बगल में है। दमकल को तीसरी मंज़िल और छत पर लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी। रात 12:23 बजे आग को लेवल-1 और 12:50 बजे लेवल-2 घोषित किया गया।

मौके पर आठ फायर इंजन, पांच जंबो टैंकर, एक एडवांस्ड वॉटर टेंडर, एक टर्नटेबल लैडर, एक एरियल लैडर प्लेटफॉर्म, एक ब्रीदिंग अपरेटस वैन और 108 एम्बुलेंस तैनात की गई। दमकल के एक डिविजनल फायर ऑफिसर, एक असिस्टेंट डिविजनल फायर ऑफिसर, दो वरिष्ठ स्टेशन ऑफिसर और पांच स्टेशन ऑफिसर भी तैनात थे। रात 12:56 बजे तक दमकल को किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।

यह भी पढ़ें – वसई की पेन फैक्ट्री में फंसे लोगों को निकाला गया, नालासोपारा के फ्लैट में भी लगी आग