मुंबई। देवनार इलाके में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान रेहान शेख के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है। मामले की आगे की जांच देवनार पुलिस कर रही है।
बालासाहेब ठाकरे उद्यान के पास हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजकर 20 मिनट पर देवनार सर्कल स्थित बालासाहेब ठाकरे उद्यान के पास कुछ लोग इकट्ठा हुए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से रेहान शेख पर हमला किया।
हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले के विवाद को लेकर मानखुर्द में दर्ज था मामला
पुलिस के मुताबिक, रेहान शेख और कुछ अन्य लोगों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस संबंध में मानखुर्द पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था।
आठ आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी
पुलिस के अनुसार, हत्या की इस वारदात में कुल आठ आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। देवनार पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
देवनार की एक अन्य खबर: दो पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार।




