• नेता इसे दे रहे सियासी रंग , सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाकर मुद्दे को भुनाने की कोशिश 

मुंबई : वसई विरार शहर के नालासोपारा (Nalasopara) स्थित संतोष भुवन क्षेत्र में विगत 29 नवंबर चोरी के शक में वहां के स्थानीय लोगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। जिसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके इसे ‘मुसलमान की लिंचिंग’ बताया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत, निराधार और भ्रामक है।

पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार बीते 29 नवंबर के दिन नालासोपारा पूर्व के संतोष भुवन इलाके में सुबह–सुबह आदम खान नाम का एक युवक एक घर में चोरी की नियत से घुसा था। घर वालों द्वारा शोर मचाए जाने के बाद स्थानीय लोग जमा हो गए और आदम खान को पकड़ लिया। आरोपी आदम खान लोगों की पकड़ से छूटना चाहता था, वो लगातार भागने का प्रयास कर रहा था, इसलिए लोगों ने उसे थोड़ी देर के लिए कमरे में बंद रखा और फिर उसे पकड़ कर पुलिस को सौंपने के लिए लेकर जाया जाने लगा।

इस दौरान आरोपी ने लोगों का प्रतिरोध किया और लोगों के साथ मारपीट और जोर जबरदस्ती करने लगा।जिसके बाद वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद लोगों ने आरोपी को संतोष भुवन बीट चौकी के पुलिस कर्मियों को सौंप दिया।जिसके बाद पुलिस ने आरोपी आदम खान को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया जहां उसका उपचार जारी है,फिलहाल उसकी तबियत स्थिर बनी हुई है।

इस दौरान इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।जिसके बाद ये वीडियो उन लोगों के हाथ लगा गया जो ऐसी घटनाओं की ताक में रहते हैं। उन्होंने इस पूरी घटना की जानकारी लिए बगैर इसे मुस्लिम के ऊपर अत्याचार और मुस्लिम की लिंचिंग बता दी। कुछ मीडिया संस्थानों ने तो आदम खान को घटना के परिणामस्वरूप मृत तक घोषित कर दिया है।

लोगों का कहना है कि इस संवेदनशील मामले में इस तरह के गैर जिम्मेदाराना ट्वीट और भ्रामक खबर फैलाकर लोगों की भावनाएं भड़काने का काम किया जा रहा है वो पूरी तरह गलत और निंदनीय है। ये एक तरह से समाज की एकता और अखंडता पर प्रहार है। ये लोग अपनी व्यक्तिगत मंशा को साकार रूप देने के लिए ऐसी घटनाओं को माध्यम बनाते हैं जो सरासर गलत और अनुचित है।

https://twitter.com/AhmedKhabeer_/status/1599238850962153474?s=20&t=RzXIxaSfB8YEqKLQvF5r9A

इस पूरे मामले में मीरा भायंदर वसई विरार आयुक्तालय की पेल्हार पुलिस ने मारपीट करने वालों पर विभिन्न धाराओं ने मामला दर्ज करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है साथ ही चोरी की नियत से घर में घुसे आदम खान के ऊपर चोरी की सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में चोरी के आरोपी आदम खान के ऊपर मुंबई के कांदिवली में लूट, हत्या, डकैती चोरी, छीनैती और बलात्कार जैसे 13 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल मीरा भायंदर वसई विरार आयुक्तालय की पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वसंत लब्धे ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है. साथ ही उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि इस घटना से संबंधित किसी प्रकार की वीडियो, फोटो इत्यादि को माध्यम बनाकर लोगों में जातिगत द्वेष ना फैलाएं।

NalaSopara में ऑटो किराए को लेकर फूटा यात्रियों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन, तीन घंटे तक बंद रहे रिक्शा