नालासोपारा: पेल्हार पुलिस ने नालासोपारा पूर्व के सागपाडा-श्रीराम नगर इलाके के जंगल में कथित तौर पर अवैध रूप से देशी शराब बनाने के ठिकाने पर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक मौके से करीब 1 लाख 17 हजार रुपये मूल्य का शराब बनाने का सामान और मिश्रण बरामद किया गया, जिसे पंचों की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबळे के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक विजय साठे, पुलिस हवलदार अनिल शेगर और पुलिसकर्मी योगेश चौगले की टीम ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नरेश भोये (55), निवासी सागपाडा, श्रीराम नगर, नालासोपारा पूर्व को मौके से हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस का दावा है कि मौके से 200 लीटर क्षमता वाले 12 ड्रमों में रखा करीब 2,400 लीटर गुड़ और नवसागर युक्त मिश्रण, अन्य बर्तनों और लोहे के पीपों में रखा करीब 200 लीटर मिश्रण, लगभग 50 किलो काला गुड़, ड्रम तथा देशी हाथभट्टी शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान मिला।
बरामद पूरे सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹1,17,000 बताई गई है। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में ई-साक्ष पंचनामा करते हुए बरामद सामग्री को नष्ट कर दिया।
पेल्हार पुलिस ने इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम, 1949 की धारा 65 (ब), (इ) और (फ) के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।