पुणे | मेट्रो सिटी समाचार। महाराष्ट्र के अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) ने जेजुरी, तहसील पुरंदर, जिला पुणे स्थित मेसर्स इंडुकेयर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन का दवा निर्माण लाइसेंस दूसरी बार रद्द कर दिया है। विभाग की कार्रवाई से जुड़ी प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी बिना प्रोडक्ट परमिशन नौ दवाओं का निर्माण और बिक्री कर रही थी।

GMP से जुड़ी 25 गंभीर त्रुटियां

कंपनी को 6 फरवरी 2024 को फॉर्म 25 और 28 में लाइसेंस मिला था। 14 और 15 जुलाई 2026 को सहायक आयुक्त और औषध निरीक्षकों की संयुक्त जांच में गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (GMP) से जुड़ी 25 गंभीर त्रुटियां मिलीं। 7 सितंबर को पहली बार लाइसेंस रद्द किया गया था। 23 नवंबर 2026 को संयुक्त आयुक्त (औषध), पुणे विभाग एवं लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने तत्काल प्रभाव से फिर लाइसेंस रद्द करने का आदेश दिया।

13.86 लाख गोलियों के निर्माण का रिकॉर्ड नहीं

जांच के अनुसार कंपनी ने 550 किलो से अधिक मेट्रोनिडाजोल IP खरीदा था, लेकिन इस्तेमाल का रिकॉर्ड नहीं मिला। CAREGYL-400 की करीब 13,86,000 गोलियां बिना BMR, BPR या टेस्ट रिपोर्ट के बनाई गईं। इनमें से 5,20,000 गोलियां वितरित हो चुकी थीं। जांचे गए नमूने में मेट्रोनिडाजोल केवल 32.44 प्रतिशत मिला।

YCM अस्पताल से 1.72 करोड़ रुपये का स्टॉक जब्त

कई अमानक दवाओं के नमूने पिंपरी-चिंचवड के YCM अस्पताल के सेंट्रल मेडिकल स्टोर से लिए गए थे। 4 नवंबर 2026 को करीब 1.72 करोड़ रुपये का दवा स्टॉक जब्त किया गया। सरकारी विश्लेषक ने बिना अनुमति निर्मित नौ दवाओं के नमूनों को NSQ, मिसब्रांडेड अथवा स्प्यूरियस श्रेणी में घोषित किया।

इन नौ दवाओं के नमूनों में मिली खामियां

केयरजिंक — विटामिन C केवल 72.73 प्रतिशत।

LDLR-5 — डिजॉल्यूशन टेस्ट में विफल।

डोमीकेयर — डिजॉल्यूशन टेस्ट में विफल।

केयरमाइड — डिजॉल्यूशन टेस्ट में विफल।

इबुकेयर प्लस — इबुप्रोफेन नहीं मिला; स्प्यूरियस घोषित।

केयरविटा-M — B1, B2, B6, B12, फोलिक एसिड और विटामिन C समेत कोई भी सक्रिय घटक नहीं मिला; स्प्यूरियस घोषित।

केयरपेंटा D2 — पेंटोप्राजोल केवल 40.905 प्रतिशत।

I-सार्टन M — मेटोप्रोलोल केवल 62.28 प्रतिशत।

केयरस्प्रिन 75 — सक्रिय घटक केवल 74.87 प्रतिशत।

मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर जोखिम

इन दवाओं का इस्तेमाल हृदय रोग, रक्तचाप, मधुमेह, पाचन और दर्द से संबंधित उपचार में किया जाता है। सक्रिय घटक की कमी से उपचार की प्रभावशीलता प्रभावित हो सकती है। मरीज अपनी निर्धारित दवा स्वयं बंद न करें और संबंधित दवा के बारे में डॉक्टर या फार्मासिस्ट से सलाह लें।

कंपनी का जवाब खारिज, मुकदमे का प्रस्ताव

29 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 3 नवंबर को कंपनी का जवाब मिला और 23 नवंबर को सुनवाई हुई। कंपनी ने तर्क दिया कि मरीजों की कोई शिकायत नहीं आई है। अथॉरिटी ने यह तर्क खारिज कर निर्माण, पैकिंग, टेस्टिंग और वितरण तत्काल बंद करने का आदेश दिया। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत मुकदमा चलाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले निर्माताओं पर कड़ी कार्रवाई होगी।