मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार; बॉलीवुड फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 13वें आरोपी प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रवीण लोनकर को आर्थर रोड जेल से हिरासत में लिया गया। वह पहले से ही बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मामले में जेल में बंद था।
गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को विशेष मकोका अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 16 मार्च तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान इस फायरिंग की साजिश में प्रवीण लोनकर की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद उसे मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई तीन बंदूकें एक गुप्त स्थान पर छिपाकर रखी गई थीं, जिसकी जानकारी केवल प्रवीण लोनकर को थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी आसाराम फासले ने लोनकर के निर्देश पर उस स्थान से हथियार उठाए और बाद में उन्हें स्वप्निल सकट को सौंप दिया।
इसके अलावा इस हमले में इस्तेमाल की गई गाड़ी और हथियारों की व्यवस्था पुणे मॉड्यूल द्वारा की गई थी, जिसकी निगरानी प्रवीण लोनकर कर रहा था।
मुंबई क्राइम ब्रांच का मानना है कि प्रवीण लोनकर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अब पुणे और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
विरार में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टाइल्स गिरने से दो मजदूरों की मौत