वसई | मेट्रो सिटी समाचार। वसई के आनंदनगर इलाके में बुधवार आधी रात को भाई-बहन के बीच हुए झगड़े में 30 वर्षीय गणपत मुकणे की चाकू लगने से मौत हो गई। माणिकपुर पुलिस ने उनकी बड़ी बहन सुनीता भोईर (34) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गणपत वसई पश्चिम के नौपाड़ा में रहते थे। सुनीता भी अपने बच्चों के साथ वहीं रहती थीं। भाई-बहन के बीच छोटी-छोटी बातों पर अक्सर कहासुनी होती थी।
पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के बाद हुई हाथापाई
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गणपत शराब पीकर घर लौटे। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान सुनीता ने घर में रखे चाकू से गणपत पर वार किया।
गंभीर रूप से घायल गणपत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। माणिकपुर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रतापराव कदम ने सुनीता भोईर की गिरफ्तारी की पुष्टि की।



