मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार, 25 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में 14 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

महाराष्ट्र कैबिनेट के 14 महत्वपूर्ण फैसले

1. किसानों को मुफ्त अनाज

33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 पात्र किसानों को तीन महीने तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज मिलेगा। गरीबी रेखा श्रेणी में आने वाले और डीबीटी योजना में शामिल नहीं होने वाले किसानों को तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं दिया जाएगा।

2. नर्मदा-तापी परियोजना

नंदुरबार में 5,548 करोड़ रुपये की मंजूरी से छह जल मोड़ बांध प्रस्तावित हैं। करीब 26,526 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 11.50 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रस्तावित है।

3. आर्थिक धोखाधड़ी पर कार्रवाई

स्वतंत्र MPID न्यायाधिकरण स्थापित करने और संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ। मामलों के निपटारे के लिए 90 दिन का प्रावधान प्रस्तावित है।

4. राजस्व मामलों का डिजिटल प्रबंधन

Revenue Court Case Management System और एक जिला, एक अपील के लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन मंजूर हुआ।

5. मेडिकल विद्यार्थियों का भत्ता

EBC, SEBC और EWS विद्यार्थियों को डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ता योजना के तहत भोजन, आवास और निर्वाह भत्ते की संशोधित दरों का लाभ मिलेगा।

6. शिक्षकों को वित्तीय सुविधा

शालार्थ प्रणाली के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को RBI में पंजीकृत NBFC के माध्यम से वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव मंजूर हुआ।

7. स्टाम्प अधिनियम में संशोधन

धारा 32(B) और 53(1A) में संशोधन से अभिनिर्णय और अपील शुल्क की दरों में एकरूपता लाने का प्रस्ताव है।

8. विश्वविद्यालयों के अधिनियमों में बदलाव

कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक और यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय, नासिक में कुलसचिव की नियुक्ति, वित्त एवं लेखा समिति, भवन निर्माण समिति और वार्षिक रिपोर्ट संबंधी प्रावधानों में एकरूपता लाई जाएगी।

9. निजी अनुदानित स्कूल

महाराष्ट्र निजी अनुदानित स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई।

10. माथाडी और सुरक्षा रक्षक

माथाडी, हमाल एवं अन्य श्रमजीवी कामगार अधिनियम, 1969 और निजी सुरक्षा रक्षक अधिनियम, 1981 में संशोधन मंजूर हुआ।

11. एक्यूपंक्चर

एक्यूपंक्चर को NCAHP अधिनियम, 2021 के दायरे से बाहर करने संबंधी संशोधन विधेयक के प्रारूप को मंजूरी मिली।

12. ग्रंथपालों को सातवां वेतन आयोग

निजी अनुदानित आयुर्वेद और यूनानी कॉलेजों के पूर्णकालिक ग्रंथपालों को सातवें वेतन आयोग का लाभ देने का निर्णय लिया गया।

13. लोकसेवा हक्क अधिनियम

महाराष्ट्र लोकसेवा हक्क अधिनियम, 2015 में संशोधन को मंजूरी दी गई।

14. मौदा नगर पंचायत

नागपुर जिले की मौदा नगर पंचायत को प्रशासनिक भवन के लिए सरकारी जमीन देने की मंजूरी मिली।

कानूनी संशोधनों से जुड़े फैसलों का क्रियान्वयन संबंधित विधायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा।