विरार | मेट्रो सिटी समाचार: वसई-विरार शहर के विकास और नागरिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर महापौर अजीव पाटिल ने जनशक्ति आघाड़ी के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान शहर के कई लंबित प्रश्नों पर चर्चा करते हुए महापौर ने सकारात्मक भूमिका का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान महापौर ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए आने वाले अच्छे सुझावों और रचनात्मक विचारों का महानगरपालिका हमेशा स्वागत करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी सुझाव नगर प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, उन्हें अमल में लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जनशक्ति आघाड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने शहर के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को महापौर के सामने रखा। इनमें स्थानीय घरों का नियमितीकरण, पीने के पानी की व्यवस्था, डंपिंग ग्राउंड से जुड़ी समस्या और बरसात के समय होने वाली बाढ़ की स्थिति जैसे विषय शामिल थे।
महापौर अजीव पाटिल ने इन सभी मुद्दों पर चर्चा करते हुए महानगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने विशेष रूप से नीरी-आईआईटी रिपोर्ट के अनुसार उपायों को लागू करने और जलसंचय के लिए धारण तालाबों के निर्माण पर भी सकारात्मक रुख जताया।
बैठक में जनशक्ति आघाड़ी की ओर से मैकेंज़ी डाबरे, मिलिंद खानोलकर, डॉमणिका डाबरे, अनिल चव्हाण और कुमार राऊत उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने शहर से जुड़े कई तकनीकी और सामाजिक मुद्दों को विस्तार से रखा।
महापौर के सकारात्मक रुख से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वसई-विरार शहर की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
वसई में सड़क विकास को मिली रफ्तार: विधायक स्नेहा दुबे पंडित के प्रयास से 25 करोड़ रुपये मंजूर