मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार। एक महिला ने रेलवे पुलिस को बताया कि 26 नवंबर की रात घाटकोपर स्टेशन के महिला शौचालय में एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर यौन हमला किया। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के सिर पर चोट थी। उसे मेडिकल जाँच के लिए अस्पताल भेजा गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।
रात 11:40 बजे स्टेशन मास्टर ने दी सूचना
रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 11:40 बजे घाटकोपर के स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि सिर पर चोट लगी एक महिला प्लेटफॉर्म नंबर 4 स्थित जीआरपी कार्यालय में है। ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारी भी वहाँ पहुँचे। शुरुआती पूछताछ में महिला ने जीआरपी की महिला कर्मियों को बताया कि वह ट्रेन पकड़ने स्टेशन आई थी। महिला के मुताबिक, जब वह शौचालय गई तो एक अज्ञात व्यक्ति भी अंदर आ गया। रेलवे ने अपनी रिपोर्ट में दर्ज किया है कि वहाँ कोई कर्मचारी तैनात नहीं था।
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा
रेलवे की रिपोर्ट में आसपास के कैमरों की फुटेज का भी ब्योरा है। इसके मुताबिक, महिला रात करीब 11:12 बजे शौचालय में जाती और 11:22 बजे बाहर आती दिखी। इसी बीच एक व्यक्ति अंदर जाता और करीब 11:19 बजे जल्दबाजी में बाहर निकलता दिखा। बाद की फुटेज में वह मेट्रो स्टेशन की ओर जाता दिखाई दिया। जीआरपी इसी व्यक्ति की तलाश कर रही है।
रिपोर्ट तैयार होने तक महिला की मेडिकल जाँच चल रही थी और उसका औपचारिक बयान दर्ज होना बाकी था।
महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी खबर · नायगांव की घटना के बाद महिला डिब्बों के पास गश्त बढ़ाने की मांग



