नवी मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार। जुईनगर एमआईडीसी में गुरुवार रात चार हमलावरों ने सोना ले जा रही वैन के कर्मचारियों से मारपीट की और 16 किलो 400 ग्राम सोने से भरा बैग लूट लिया। नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त विजय खरात के मुताबिक, बैग में आभूषण और सोने की छड़ें थीं। पुलिस ने इनकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी है।

रात पौने दस बजे सर्विस रोड पर रोकी वैन

खरात ने बताया कि रात करीब 9:45 बजे वैन में चार कर्मचारी सवार थे। जुईनगर एमआईडीसी की सर्विस रोड पर वैगनआर कार से आए चार लोगों ने वैन का रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने डंडों और लोहे की सरिया से वैन के शीशे तोड़े और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद वे सोने का बैग लेकर फरार हो गए।

कार और हथियार जब्त, सोने की बरामदगी के लिए तलाश जारी

डीसीपी खरात के मुताबिक, पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। वारदात में इस्तेमाल कार और हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और सोने की बरामदगी के लिए तुर्भे पुलिस और अपराध शाखा की कुल चार टीमें रवाना की गई हैं।

तुर्भे थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। खरात ने बताया कि जांच में आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं।

रात में नीली बत्ती के साथ खड़ा नवी मुंबई पुलिस का वाहन
नवी मुंबई पुलिस का वाहन। तस्वीर मेट्रो सिटी समाचार को उपलब्ध कराई गई।

यह भी पढ़ें · पालघर के दहानू में ज्वेलर्स की दुकान से लाखों के आभूषण लूटे