मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार: महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा सोमवार को मुंबई पहुंचे। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका और उनकी पत्नी सुधा देव वर्मा का स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल, सांस्कृतिक कार्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री आशीष शेलार, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, राज्य के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

10 मार्च को होगा शपथ ग्रहण
राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले जिष्णु देव वर्मा का शपथ ग्रहण समारोह 10 मार्च 2026 को शाम 4:30 बजे मुंबई स्थित लोक भवन (राजभवन) में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन्हें महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।
लोक भवन में औपचारिक स्वागत
मुंबई पहुंचने के बाद जिष्णु देव वर्मा का लोक भवन में भी औपचारिक स्वागत किया गया। यहां राज्य पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस समारोह में पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में जिष्णु देव वर्मा के कार्यभार संभालने के बाद राज्य के प्रशासनिक और संवैधानिक कार्यों में नई शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है।