Home ताजा खबरें कल्याण में ताश के पत्तों की तरह ढही इमारत, दहला इलाका; बड़ा हादसा टला
ताजा खबरेंनालासोपारा - Nalasopara Newsपालघर - Palghar Newsमहाराष्ट्रमीरा-भायंदर - Mira-Bhayandar Newsमुंबई - Mumbai Newsमुंबई बारिश - Mumbai Rainsमुंबई लोकल - Mumbai Localवसई-विरार - Vasai-Virar News

कल्याण में ताश के पत्तों की तरह ढही इमारत, दहला इलाका; बड़ा हादसा टला

कल्याण के घोलपनगर में पुनर्विकास के दौरान ढही विनायक दर्शन इमारत
कल्याण पश्चिम के घोलपनगर इलाके में पुनर्विकास के दौरान विनायक दर्शन इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया।

कल्याण | मेट्रो सिटी समाचार: कल्याण पश्चिम के घोलपनगर इलाके में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुनर्विकास के लिए तोड़ी जा रही ‘विनायक दर्शन’ इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया।

योगीधाम के पास हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और आसपास रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय इमारत के आसपास ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ‘विनायक दर्शन’ इमारत काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। पुनर्विकास परियोजना के तहत इसे पहले ही खाली कराया जा चुका था। बारिश कम होने के बाद बिल्डर और ठेकेदार ने इमारत को गिराने का कार्य शुरू किया था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा ताश के पत्तों की तरह ढह गया।

हादसे के दौरान इलाके में लगे एलटी लाइन के खंभे भी गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इमारत को गिराने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया और पर्याप्त एहतियात नहीं बरती गई। उनका कहना है कि प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती, तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।

वहीं, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) के अधिकारियों ने बताया कि इमारत पुनर्विकास के लिए अधिग्रहित की गई थी और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और केडीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।

वसई के आनंद नगर में कचरे का अंबार, बारिश थमने के पांच दिन बाद भी नहीं हुई सफाई

Recent Posts

Related Articles

Share to...