मुंबई। मालवणी इलाके में एक किराए के मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। महिला का शव मालवणी के प्लॉट नंबर 3 स्थित एक मकान से मिला है। फिलहाल शव की पहचान और मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, जहां एक महिला का शव मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती स्तर पर महिला की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जांच के दौरान पुलिस को घर से एक पैन कार्ड समेत कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस इन दस्तावेजों के आधार पर मृत महिला की पहचान की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संबंधित मकान एक महिला ने किराए पर लिया था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उस घर में उसकी महिला रिश्तेदारों का अक्सर आना-जाना रहता था। इसी वजह से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद शव मकान किराए पर लेने वाली महिला का ही है या किसी अन्य महिला का।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। महिला की पहचान और मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद मामले की आगे की तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
मुंबई में ‘विराट गर्जना मोर्चा’ के बाद FIR, 5 आयोजकों और अज्ञात समर्थकों पर मामला