मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवाजी नगर-गोवंडी इलाके में दो फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है, जो बिना किसी मेडिकल डिग्री और लाइसेंस के क्लीनिक चलाकर मरीजों का इलाज कर रहे थे। यह आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाकर उनसे मोटी फीस वसूल रहे थे।
पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि शिवाजी नगर क्षेत्र में कुछ लोग डॉक्टर बनकर अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने BMC Health Department के साथ मिलकर छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों—राजीव कपिलदेव रंजन (34) और कुबेरनाथ गोमती यादव (56)—को गिरफ्तार किया, जो खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों के पास किसी भी प्रकार की मेडिकल डिग्री नहीं है और न ही उनका Maharashtra Medical Council में कोई पंजीकरण है।
पुलिस टीम को दोनों क्लीनिकों से भारी मात्रा में मेडिकल उपकरण और दवाइयां बरामद हुई हैं। आरोपियों के खिलाफ शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस रैकेट में और लोग शामिल हैं और कितने मरीजों को इन फर्जी डॉक्टरों ने इलाज के नाम पर धोखा दिया।
वर्धा में बारात में खून-खराबा: संपत्ति विवाद में नाबालिग भतीजे ने चाचा और चचेरे भाई की हत्या