IMD ने येलो से बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट किया, तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक अधिक
मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार: मुंबई महानगर क्षेत्र में तेज गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए जारी हीटवेव चेतावनी को येलो से बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को इन इलाकों में गंभीर गर्मी की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुबह तक मुंबई के सांताक्रूज वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक है। वहीं कोलाबा वेधशाला में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 4.8 डिग्री ज्यादा है।
IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर के अनुसार पहले मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए इसे ऑरेंज अलर्ट में बदल दिया गया। बुधवार के लिए भी गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि फिलहाल मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग के दीर्घकालिक अनुमान के अनुसार मार्च से मई के बीच तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा अप्रैल और मई के महीनों में हीटवेव की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है।
मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का यह असर दिखाई देने से लोगों को आने वाले महीनों में और भी अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
महाराष्ट्र के नए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा मुंबई पहुंचे, 10 मार्च को लेंगे शपथ