नागपुर, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के नागपुर के वाडी इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहाँ तीन इंजीनियरिंग छात्रों ने कार और मोबाइल फोन की लालच में 44 वर्षीय व्यापारी सुचित भोजापुरकर की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र अपनी परीक्षाएँ समाप्त होने के बाद घूम रहे थे, तभी वर्धमान नगर पुल के पास उन्हें एक नशे में धुत व्यापारी दिखाई दिया। मदद करने के बहाने वे उसकी कार में बैठ गए और उसे भिवापुर की ओर ले गए, फिर वापस वाडी क्षेत्र में लाकर अपनी साजिश को अंजाम दिया।
आरोपियों ने पहले व्यापारी की पत्नी से संपर्क कर उसे घर छोड़ने की बात कही, लेकिन बाद में योजना बदल दी। कार और मोबाइल फोन हड़पने के उद्देश्य से उन्होंने खड़गांव रोड स्थित श्मशान घाट के पास व्यापारी को ले जाकर पत्थर से सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने शव के कपड़े उतारकर अलग फेंक दिए और नग्न शव को झाड़ियों में डाल दिया। इसके बाद वे कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
अगले दिन स्थानीय नागरिक को शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पत्नी द्वारा पहचान किए जाने के बाद मामला दर्ज हुआ और जांच तेज़ी से आगे बढ़ी।
क्राइम ब्रांच ने महज़ 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी Zomato में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है और अकेले रहता है।
राम नवमी कार्यक्रम से पहले पुलिस का नोटिस: भड़काऊ भाषण पर सख्त पाबंदी, बिलौली पुलिस की चेतावनी