ठाणे | मेट्रो सिटी समाचार। ठाणे जिले की आठ साल की बच्ची की 28 नवंबर को मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिळ-डायघर पुलिस ने मारपीट और यौन उत्पीड़न के आरोप में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने शुरू में बच्ची के सीढ़ी से गिरने की बात कही थी। बाद में अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे और पुलिस को सूचना दी।
सिर में चोट के बाद अस्पताल ले जाया गया
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की दोपहर बच्ची घर पर थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि करीब दो बजे वह खेलने के लिए बाहर निकल रही थी। उनके मुताबिक, दरवाजे की सीढ़ी पर पैर फिसलने से उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी और वह बेहोश हो गई।
बच्ची को पहले एक स्थानीय क्लिनिक और फिर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे कळवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेजा। वहां से उसे आगे के इलाज के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने जताई आशंका, पुलिस को दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, केईएम के डॉक्टरों ने जांच के दौरान शारीरिक और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई। 26 नवंबर की रात शिळ-डायघर थाने की महिला पुलिस निरीक्षक रत्ना खंडेलवाल, सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन शिरसाठ और पराग लोंढे ने अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों से बात की। 27 नवंबर को भोईवाड़ा पुलिस को अस्पताल से संदिग्ध उत्पीड़न की मेडिकल सूचना मिली।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में सौतेले पिता पर पहले भी बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया। पुलिस घटना वाले दिन भी मारपीट के आरोप की जांच कर रही है। बच्ची की मौत के बाद केईएम के डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और 103(1), पॉक्सो अधिनियम की धारा 4, 6, 8 और 10 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 लगाई गई हैं। शिळ-डायघर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ठाणे जिले से जुड़ी खबर | डोंबिवली में बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी




