वसई | मेट्रो सिटी समाचार

वसई फाटा के गडग्याचा पाड़ा में बुधवार, 11 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मंदिर से सामान चुराने के आरोप में पकड़ा। रहवासियों के मुताबिक, उसने तांबे के दीपक और भजन-कीर्तन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें ले जाने के लिए पैक कर ली थीं। आरोपी अब पेल्हार पुलिस की हिरासत में है।

सामान समेटने के बाद मंदिर परिसर में बैठा था आरोपी

स्थानीय लोगों के अनुसार, सामान समेटने के बाद भी वह मंदिर परिसर में बैठा रहा। लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और पेल्हार पुलिस थाने में फोन किया। रहवासियों के मुताबिक, पकड़े जाने पर उसने भागने की कोशिश नहीं की। उसके नशे में होने की आशंका जताई गई है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मंदिर का सामान और काली एक्टिवा पुलिस को सौंपी

सूचना पर कांस्टेबल सतीश गिरी और एमएसएफ के माने मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पेल्हार पुलिस के हवाले किया। मंदिर के सामान के साथ काले रंग की एक एक्टिवा भी पुलिस को सौंपी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी इसी एक्टिवा से आया था। उसका पंजीकरण नंबर MH 04 EU 6210 बताया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।