मुंबई | मेट्रो सिटी समाचार
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की उड़ानें नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित न की जाएं। फडणवीस चाहते हैं कि दोनों हवाई अड्डे अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार काम करें और हवाई यात्रा की बढ़ती मांग पूरी करें।
पहले टर्मिनल-1बी बने, फिर 1ए की उड़ानें वहां जाएं
सूत्रों के अनुसार, फडणवीस ने पत्र में मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास का वैकल्पिक प्रस्ताव दिया है। उनका सुझाव है कि पहले टर्मिनल-1बी का निर्माण पूरा किया जाए। इसके बाद टर्मिनल-1ए की उड़ानें और वहां का कामकाज 1बी में स्थानांतरित किया जाए। पुरानी 1ए इमारत इसके बाद गिराई जाए, ताकि निर्माण के दौरान भी उड़ानें जारी रह सकें।
संचालक ने 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की उड़ानें स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा था
एयरपोर्ट संचालक ने 2027 की गर्मियों से 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की उड़ानें नवी मुंबई से संचालित करने का प्रस्ताव रखा था। इनमें बहरीन, दोहा, जेद्दा, काठमांडू, कुवैत, मस्कट और रियाद शामिल थे। एयरलाइंस ने भी उड़ानें स्थानांतरित करने पर आपत्ति जताई थी।




