वसई-विरार | संवाददाता: विरार पूर्व के सहकार नगर इलाके में स्थित एक पुरानी इमारत के स्लैब का हिस्सा अचानक गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन एहतियात के तौर पर इमारत में रह रहे सात परिवारों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहकार नगर स्थित ‘ओम अपार्टमेंट’ नाम की चार मंजिला इमारत काफी समय से जर्जर हालत में थी। मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे अचानक इमारत के स्लैब का एक हिस्सा गिर गया, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत कार्रवाई करते हुए इमारत में रह रहे सभी परिवारों को बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि इस इमारत की अधिकांश फ्लैट खाली थे और केवल सात परिवार ही यहां निवास कर रहे थे।
महानगरपालिका प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इमारत को पूरी तरह सील कर दिया है। साथ ही इमारत की स्थिति का आकलन करने के लिए स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की बात कही गई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। कुछ निवासियों ने कुछ दिनों तक इमारत में रहने की अनुमति देने की मांग की, जबकि कुछ लोगों ने बिल्डर पर इमारत के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया।
इस बीच, घटना की जानकारी मिलने पर महापौर अजीव पाटिल भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि महानगरपालिका उनकी रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करेगी।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
ताडोबा टाइगर रिजर्व में बाघ का पीछा करने वालों पर सख्त कार्रवाई, फॉरेस्ट एक्ट के तहत FIR दर्ज