मनोर (पालघर)। मनोर ग्रामीण अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मरीजों की परेशानियों को लेकर बिरसायत (महाराष्ट्र) आदिवासी एकता मित्र मंडल के महिला सशक्तिकरण विभाग की टीम ने अस्पताल का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं का जल्द समाधान करने और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
संगठन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अस्पताल की विभिन्न समस्याओं और अपर्याप्त सुविधाओं को लेकर पहले एक ज्ञापन सौंपा गया था। इसी सिलसिले में महिला सशक्तिकरण विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा सेवाओं और मरीजों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।
एक्स-रे, सोनोग्राफी और प्रसूति सेवाओं पर चर्चा
संगठन के मुताबिक, बैठक में बंद पड़ी एक्स-रे और सोनोग्राफी मशीनों का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही प्रसूति सेवाओं, डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपलब्धता, अस्पताल की साफ-सफाई तथा मरीजों को होने वाली विभिन्न परेशानियों पर भी चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अस्पताल की समस्याओं को जल्द दूर किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर उचित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
संचिता संतोष जनाठे सहित संगठन के पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में महिला सशक्तिकरण विभाग की अध्यक्ष संचिता संतोष जनाठे, बिरसायत महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष दामोदर मंगळ कासट और पालघर जिला अध्यक्ष जयेंद्र लक्ष्मण घाटाळ उपस्थित थे। इनके साथ हर्षला धांगडा, सुरेखा कासट, जयश्री सुरेश गंभीरे, शिवा साळुंखे और संतोष लक्ष्मण काकरा भी शामिल रहे।
संगठन ने कहा कि जनता का स्वास्थ्य उसके लिए महत्वपूर्ण विषय है और जनहित में अस्पताल की समस्याओं के समाधान के लिए उसका प्रयास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क जारी रहेगा।




