कुटुंब प्रबोधन गतिविधि और संजीवनी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में 75 लोगों की रही सहभागिता
वसई | मेट्रो सिटी समाचार
वसई जिले के नालासोपारा पश्चिम स्थित उमराळे के उमादेवी मंदिर सभागार में रविवार को कुटुंब प्रबोधन गतिविधि, वसई जिला एवं संजीवनी परिवार, निर्मल के संयुक्त तत्वावधान में नवदंपती सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवविवाहित दंपतियों को पारिवारिक जीवन के मूल्यों, आपसी समन्वय और संस्कारित परिवार व्यवस्था के महत्व से अवगत कराना था।
सम्मेलन में 21 नवविवाहित जोड़ों, तीन एकल प्रतिभागियों तथा अन्य आमंत्रितों सहित कुल 75 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कुटुंब प्रबोधन प्रांत टोली सदस्य सुचिता मसूरकर एवं सुप्रिया पितले द्वारा नवदंपतियों के लिए आयोजित प्रेरक खेलों से हुई। इन गतिविधियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वैवाहिक जीवन आपसी सहयोग, समझ और दोनों परिवारों के सम्मान के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
इसके बाद राजेंद्र पाटील, संयोजक कुटुंब प्रबोधन गतिविधि, वसई जिला तथा अन्य अतिथियों ने भारत माता पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संजीवनी परिवार के अध्यक्ष आनंद पाटील ने स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम का प्रास्ताविक प्रस्तुत किया, जबकि जतीन नाईक ने “मेरा घर और मेरा परिसर” विषय पर सामूहिक गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सचिन पाटील ने नवदंपतियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली में आयुर्वेद की भूमिका समझाई। वहीं मनोवैज्ञानिक डॉ. आरती मोहिते ने वैवाहिक जीवन में संवाद, मानसिक संतुलन और रिश्तों को मजबूत बनाने पर मार्गदर्शन दिया।
समापन सत्र में कोंकण प्रांत सदस्य मनोज मसूरकर ने कुटुंब प्रबोधन गतिविधि के उद्देश्य और समाज में संयुक्त एवं संस्कारित परिवारों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को अपनाने का संदेश देते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में हेमंत नाईक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा प्रतिभागियों से फीडबैक देने का आग्रह किया। रोहन नाइक ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर कार्यक्रम का समापन किया।
दहिसर में शर्मनाक करतूत: लिफ्ट में नाबालिग के सामने अश्लील हरकत, आरोपी नासिर अमीन पठान गिरफ्तार