पालघर के केलवे रोड स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया। वलसाड एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।

पालघर, 17 सितंबर: पालघर जिले के केलवे रोड स्टेशन के पास बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। मुंबई से गुजरात की ओर जा रही वलसाड एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लग गई। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित उतार लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजन से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने जोर पकड़ लिया। गनीमत रही कि चालक दल ने तुरंत ट्रेन को रोका और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

रेलवे प्रशासन और स्थानीय यंत्रणा तुरंत मौके पर पहुँची। आग पर काबू पाने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई।जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने ट्रेन के इंजन को कोचों से अलग करने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान आग और ज्यादा भड़क गई, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आसपास का क्षेत्र खाली कराया और राहत-बचाव कार्य जारी है।

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी खराबी की आशंका जताई है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही सही कारण सामने आ पाएगा।स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों को पास के सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। वहीं, रेलवे ने यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

यह घटना एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और इंजन के तकनीकी रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

EPC एग्रीमेंट मॉडल बना भ्रष्टाचार की जड़: NH-48 की सड़क गुणवत्ता और सुरक्षा पर बड़ा खतरा