वसई: वसई पश्चिम के आनंदनगर क्षेत्र में सड़क पर पैदल चल रही एक महिला पर अचानक दुकान का टिन शेड (पत्रे की छत) गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना 5 जुलाई की शाम करीब 6 बजे की है। घायल महिला की पहचान दीपा अमित दिनोजिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में हल्की बारिश हो रही थी। दीपा दिनोजिया एक अन्य व्यक्ति के साथ छाता लेकर सड़क पर पैदल जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दीपा एक दुकान के सामने पहुंचीं, अचानक दुकान का टिन शेड उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में दीपा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके साथ चल रहा व्यक्ति समय रहते पीछे हट गया और बाल-बाल बच गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह मुंबई महानगर क्षेत्र और वसई-विरार में हुई भारी बारिश के दौरान कई स्थानों पर ढांचागत सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। इसी दौरान आनंदनगर में यह हादसा हुआ, जिसने सड़क किनारे लगे अस्थायी ढांचों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है।
View this post on Instagram
Vasai: फूड ऑफिसर बनकर मिठाई कारोबारी से 6 लाख की कथित ठगी, सात लोगों पर मामला दर्ज