महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई के दौरान एक दिव्यांग महिला की मिट्टी के बर्तनों की छोटी दुकान टूटती दिखाई दे रही है। महिला टूटे हुए बर्तनों को समेटते हुए रोती नजर आ रही है, जिसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम इलाके में कथित अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान अधिकारियों ने दिव्यांग महिला अर्चना पारखे की मिट्टी के बर्तनों की दुकान पर भी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि अर्चना रोज मिट्टी के बर्तन बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं और पूरा परिवार इसी आमदनी पर निर्भर था।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जेसीबी मशीन दुकान और मिट्टी के बर्तनों को तोड़ रही है, जबकि अर्चना पारखे घबराई हुई हालत में टूटे बर्तनों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि अर्चना दोनों हाथों से दिव्यांग हैं और उन्हें बोलने तथा देखने में भी परेशानी होती है। इसके बावजूद वह मेहनत कर मिट्टी के बर्तन बनाकर अपना जीवन यापन कर रही थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन बर्तनों को तैयार करने में कई महीनों की मेहनत लगी थी, लेकिन बुलडोजर कार्रवाई में कुछ ही मिनटों में सब कुछ तबाह हो गया। वीडियो में महिला को मलबे के बीच रोते हुए अपने टूटे बर्तनों को उठाने की कोशिश करते देखा जा सकता है।
यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से संवेदनशीलता बरतने की मांग कर रहे हैं।