महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की कोशिश की। आरोप है कि पति को रास्ते से हटाने के लिए उसे बिजली का करंट देकर मारने की योजना बनाई गई।
यह मामला यवतमाल जिले के कळंब तहसील स्थित पांगडी गांव का है। पीड़ित गजानन मोरे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी के गांव के ही विष्णू कडू आत्राम के साथ कथित अवैध संबंध थे। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उन्हें जान से मारने की साजिश रची।
शिकायत के अनुसार, 3 मई की रात करीब 2 बजे गजानन मोरे अपने घर में सो रहे थे। उसी दौरान उनकी पत्नी ने बिजली की वायर में एल्युमिनियम तार जोड़कर उन्हें करंट लगा दिया। अचानक तेज झटका लगने से उनकी नींद खुल गई। इस घटना में उनके दोनों हाथों के ऊपरी हिस्से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलने पर वडगांव जंगल पुलिस मौके पर पहुंची और घर से बिजली की वायर तथा एल्युमिनियम तार बरामद किए। जांच के बाद पुलिस ने 8 मई को आरोपी पत्नी कवडी मोरे और उसके कथित प्रेमी विष्णू आत्राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 62(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: लापरवाही के आरोप में बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल बर्खास्त